
रायपुर। CG DASTAK
रायपुर। छत्तीसगढ़ के लिए स्वच्छता के मोर्चे पर बड़ी खुशखबरी सामने आई है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में प्रदेश के तीन नगरीय निकायों रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा का चयन राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में इन तीनों शहरों को सम्मानित करेंगी।
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने राज्य सरकार को पत्र भेजकर इस चयन की जानकारी दी है। इस उपलब्धि से प्रदेश के स्वच्छता अभियान और नगरीय निकायों के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।
11 नवंबर को दिल्ली में होगा सम्मान समारोह
राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में छत्तीसगढ़ की ओर से उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा और सूडा के सीईओ सुमीत अग्रवाल शामिल होंगे। इसके अलावा चयनित नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्वच्छता कर्मी भी समारोह में हिस्सा लेंगे।
कार्यक्रम सुबह 11:30 बजे से शुरू होगा। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी इस अवसर पर मौजूद रहेंगे।
स्वच्छ सर्वेक्षण के दसवें संस्करण में शहरों की सफाई व्यवस्था के मूल्यांकन की प्रक्रिया में बदलाव किया गया है। इस बार नागरिकों की भागीदारी और उनके फीडबैक को पहले से अधिक महत्व दिया गया है।
नागरिक ऐप, पोर्टल और क्यूआर कोड के माध्यम से पूरे साल अपनी प्रतिक्रिया दे सकते हैं। इसके जरिए सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता का आकलन आम नागरिकों के अनुभवों के आधार पर भी किया जाएगा।
3 हजार से अधिक मूल्यांकनकर्ता करेंगे जांच
इस बार देशभर में 3 हजार से अधिक प्रशिक्षित मूल्यांकनकर्ताओं की तैनाती की जाएगी। इसके तहत 45 दिनों का मैदानी सर्वेक्षण निर्धारित किया गया है।
शहरों में स्वच्छता व्यवस्था और दावों के सत्यापन के लिए GPS आधारित डिजिटल निगरानी व्यवस्था भी अपनाई गई है। इसका उद्देश्य स्वच्छता के कामों का जमीनी स्तर पर मूल्यांकन करना और नगरीय निकायों की जवाबदेही बढ़ाना है।
सफाई मित्रों को भी मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान
नई दिल्ली में आयोजित समारोह में प्रत्येक चयनित शहर से चार प्रतिनिधि सम्मान ग्रहण करेंगे। इनमें सफाई मित्रों के साथ स्वच्छता निरीक्षक, पर्यवेक्षक और अभियंता भी शामिल होंगे।
इससे स्वच्छता अभियान में दिन-रात मेहनत करने वाले कर्मचारियों को राष्ट्रीय मंच पर सम्मान और पहचान मिलेगी।
CM विष्णुदेव साय ने दी बधाई
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा के चयन पर प्रदेशवासियों, जनप्रतिनिधियों, नगरीय निकायों के अधिकारियों-कर्मचारियों और सफाई मित्रों को बधाई दी है।
मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि का श्रेय सफाई मित्रों की मेहनत और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी को दिया है।
पिछले सर्वेक्षण में भी बिल्हा ने हासिल किया था पहला स्थान
छत्तीसगढ़ के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में बिलासपुर जिले की बिल्हा नगर पंचायत ने 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देशभर में पहला स्थान हासिल किया था।
अब रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा का राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयन प्रदेश के स्वच्छता अभियान को नई पहचान दिलाने वाला माना जा रहा है।
स्वच्छ सर्वेक्षण की इस बार की थीम ‘स्वच्छता की नई पहल—बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ है, जो सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी का संदेश देती है।









