
रायपुर। CG DASTAK
रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 की बोर्ड परीक्षाओं के संचालन के लिए परीक्षा केंद्रों पर तैनात होने वाले केंद्राध्यक्ष, सहायक केंद्राध्यक्ष और अन्य कर्मचारियों के भुगतान की नई दरें निर्धारित की हैं। नए आदेश के अनुसार परीक्षा केंद्र में विद्यार्थियों की संख्या के आधार पर कर्मचारियों की नियुक्ति और उनके मानदेय का निर्धारण किया जाएगा।
500 से अधिक विद्यार्थी होने पर दो सहायक केंद्राध्यक्ष
मंडल के आदेश के मुताबिक, 500 तक विद्यार्थियों वाले परीक्षा केंद्र में एक केंद्राध्यक्ष और 500 से अधिक विद्यार्थियों वाले केंद्र में दो सहायक केंद्राध्यक्ष नियुक्त किए जाएंगे।
केंद्राध्यक्ष को प्रतिदिन 200 रुपये दिए जाएंगे। वहीं 500 तक विद्यार्थियों वाले केंद्र में सहायक केंद्राध्यक्ष को 180 रुपये प्रतिदिन और 500 से अधिक विद्यार्थियों वाले केंद्र में 150 रुपये प्रतिदिन भुगतान किया जाएगा।
विद्यार्थियों की संख्या के आधार पर कर्मचारियों की नियुक्ति
परीक्षा केंद्रों में कर्मचारियों की नियुक्ति के लिए भी नियम तय किए गए हैं।
सुपरवाइजर: 30 विद्यार्थियों तक दो सुपरवाइजर, इसके बाद प्रत्येक 15 अतिरिक्त विद्यार्थियों पर एक सुपरवाइजर। भुगतान 75 रुपये प्रतिदिन।
क्लर्क: 400 विद्यार्थियों तक एक क्लर्क, इसके बाद प्रत्येक 400 अतिरिक्त विद्यार्थियों पर एक क्लर्क। भुगतान 60 रुपये प्रतिदिन।
चपरासी: 500 विद्यार्थियों तक चार चपरासी, इसके बाद प्रत्येक 150 अतिरिक्त विद्यार्थियों पर एक चपरासी। भुगतान 40 रुपये प्रतिदिन।
सिक्योरिटी गार्ड: क्वेश्चन पेपर थाने से लाने और आंसरशीट थाने में जमा कराने के लिए 40 रुपये दिए जाएंगे।
प्रति विद्यार्थी के हिसाब से भी तय हुआ भुगतान
मंडल ने परीक्षा केंद्रों के अन्य खर्चों के लिए भी विद्यार्थियों की संख्या के आधार पर दरें निर्धारित की हैं।
200 तक विद्यार्थियों वाले केंद्र को 4 रुपये प्रति विद्यार्थी।
200 से अधिक विद्यार्थियों वाले केंद्र को 3 रुपये प्रति विद्यार्थी।
जिन मदों में भुगतान दर नहीं बढ़ाई गई है, उनमें पहले से लागू दरें जारी रहेंगी।
कब से लागू होंगी नई दरें?
जानकारी के मुताबिक, वित्त समिति की 6 अक्टूबर और एग्जीक्यूटिव कमेटी की 15 अक्टूबर 2026 की बैठक में भुगतान दरों में वृद्धि का निर्णय लिया गया था। नई दरें शैक्षणिक सत्र 2026-27 की परीक्षाओं से लागू होंगी।









