कांकेर में कलेक्टर का ‘फॉलोअप विजिट’, दो दिन में बदली तस्वीर; CMO और खेल अधिकारी की सराहना

0

कांकेर। कलेक्टर कुंदन कुमार ने मंगलवार सुबह कांकेर शहर के विभिन्न स्थानों का भ्रमण कर अपने ही दिए निर्देशों की प्रगति का जायजा लिया। कलेक्टर ने पिछले दो दिनों में शहर के अलग-अलग इलाकों का निरीक्षण कर साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए थे। मंगलवार को उन्होंने फॉलोअप विजिट के जरिए मौके पर जाकर देखा कि निर्देशों पर कितना अमल हुआ।

खेल परिसर और खेल कार्यालय का किया औचक निरीक्षण

कलेक्टर ने नरहरदेव स्कूल के खेल परिसर में बनाए गए शौचालय और जिला खेल कार्यालय का अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पाया कि उनके निर्देश के बाद बालिका शौचालय का तत्काल रिनोवेशन कराया गया है।

वहीं पिछले निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने खेल कार्यालय के बैडमिंटन कोर्ट की साफ-सफाई कराने और स्पोर्ट्स भंडार कक्ष में लंबे समय से रखी खेल सामग्री का वितरण कराने के निर्देश दिए थे।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि खेल सामग्री को व्यवस्थित करने और भंडार कक्ष से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कलेक्टर ने निर्देश दिया कि जरूरतमंद खिलाड़ियों को खेल सामग्री अविलंब उपलब्ध कराई जाए, ताकि इसका वास्तविक लाभ खिलाड़ियों को मिल सके।

बस स्टैंड पहुंचकर देखा व्यवस्थाओं का हाल

इसके बाद कलेक्टर ने नया बस स्टैंड परिसर का भी आकस्मिक निरीक्षण किया। यहां दुकानों के सामने डस्टबिन रखे हुए मिले। बारिश के कारण बने गड्ढों में गिट्टी डालकर समतलीकरण का काम भी कराया जा चुका था।

कलेक्टर ने बस स्टैंड परिसर में एक अतिरिक्त हाइवा गिट्टी-बोल्डर डालकर बाकी स्थानों को भी समतल कराने के निर्देश मुख्य नगरपालिका अधिकारी पवन मेरिया को दिए।

निर्देशों का पालन देख CMO की सराहना

कलेक्टर ने अपने निर्देशों पर तेजी से अमल होने पर सीएमओ पवन मेरिया की सराहना की। इस दौरान दोनों ने हाथ मिलाकर एक-दूसरे का अभिवादन किया।

कलेक्टर का यह फॉलोअप विजिट इस लिहाज से खास रहा कि उन्होंने केवल निर्देश देने तक सीमित रहने के बजाय दो दिन बाद खुद मौके पर पहुंचकर काम की वास्तविक स्थिति की जांच की।

जिला प्रशासन का फोकस शहर की साफ-सफाई, सार्वजनिक सुविधाओं और खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ अधिकारियों को दिए गए निर्देशों का समय पर पालन सुनिश्चित कराने पर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here