
सरायपाली। शासकीय आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय सरायपाली में सरस्वती साइकिल योजना के तहत कक्षा नवमीं की पात्र छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया। अतिथियों के हाथों साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य सरला कोसरिया थीं, जबकि अध्यक्षता नगर पालिका परिषद सरायपाली की अध्यक्ष सरस्वती पटेल ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में विद्याचरण चौधरी, विपिन उबोवेजा, सांसद प्रतिनिधि तारेश्वरी नायक एवं देवीदत्त अग्रवाल सहित विदित धनानीया, धर्मेन्द्र ठाकुर, किशन जायसवाल, प्रकाश सिंग पारेश्वर, एसएमसी उपाध्यक्ष राजेश अग्रवाल, भाजपा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. आशीष दास तथा एसएमसी सदस्य योगेश नायक व रिजवाना बेगम उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने सरस्वती माता के तैलचित्र पर पूजन-अर्चन कर किया। छात्राओं अपूर्वा साहू, रीतिका दुबे, तनुष्का नायक एवं खुशबू सोनी ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। वाद्य यंत्रों पर व्याख्याता हरिशंकर त्रिपाठी एवं जलंधर वर्गे ने संगत दी।
मुख्य अतिथि सरला कोसरिया ने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना का उद्देश्य बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देना तथा दूर-दराज से आने वाली छात्राओं के आवागमन को आसान बनाना है। साइकिल मिलने से छात्राओं का समय बचेगा और पढ़ाई में निरंतरता बनी रहेगी। उन्होंने छात्राओं को खूब पढ़ने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि बेटियों के विकास के लिए संचालित शासकीय योजनाएं उनके भविष्य को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। राष्ट्रीय एकता, अखंडता और समभाव के लिए तिरंगा कार्यक्रम को भी उन्होंने महत्वपूर्ण बताया तथा छात्राओं से समय का सदुपयोग कर अपना भविष्य उज्ज्वल बनाने का आह्वान किया।
सांसद प्रतिनिधि तारेश्वरी नायक ने कहा कि बेटियों को साइकिल मिलना खुशी की बात है। आज बेटियां मेहनत और लगन से हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। वहीं विद्याचरण चौधरी ने कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं से बच्चों को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं और उनकी प्रगति में बाधाएं कम हो रही हैं।
विपिन उबोवेजा ने कहा कि साइकिल मिलने की खुशी छात्राओं के चेहरों पर साफ दिखाई दे रही है। उन्होंने शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए बच्चों के समग्र विकास के लिए शिक्षकों से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा। संचालन व्याख्याता नरेश पटेल ने किया तथा आभार प्रदर्शन राजेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष एसएमसी ने किया।









