गौवंश तस्करी पर कांकेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: भारतमाला रोड पर 11 बछड़ों को क्रूरतापूर्वक ले जा रहे 2 आरोपी गिरफ्तार

0

कांकेर। CG DASTAK 

कांकेर। उत्तर बस्तर कांकेर जिले में गौवंश तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी एक पिकअप वाहन में 11 छोटे-छोटे बछड़ों को क्रूरतापूर्वक भरकर बूचड़खाने ले जाने की कोशिश कर रहे थे। घटना के बाद वाहन छोड़कर फरार हुए दोनों आरोपियों की लगातार पतासाजी की जा रही थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल पिकअप वाहन क्रमांक CG 24 K 6588, 11 गौवंश (बछड़े) और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। यह कार्रवाई चौकी दुधावा पुलिस द्वारा की गई।

भारतमाला रोड पर पिकअप को रोकने की कोशिश

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 अगस्त 2026 को कांकेर के शांतिनगर निवासी प्रदीप कुमार साहू ने चौकी दुधावा में सूचना दी थी कि भारतमाला रोड दुधावा के रास्ते एक सफेद रंग के पिकअप वाहन में कृषि योग्य गौवंशों को कथित तौर पर क्रूरतापूर्वक भरकर ले जाया जा रहा है।

सूचना मिलने के बाद प्रार्थी अपने साथियों के साथ ग्राम शामतरा स्थित निर्माणाधीन टोल प्लाजा के पास भारतमाला रोड पर पहुंचे। इसी दौरान धमतरी की ओर से तेज गति से आ रहे पिकअप वाहन क्रमांक CG 24 K 6588 को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के मुताबिक, चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज गति से आगे बढ़ गया।

इसके बाद वाहन का पीछा किया गया। बताया गया कि दुधावा भारतमाला रोड ब्रिज से करीब 300 मीटर आगे निर्माणाधीन सड़क पर चालक पिकअप वाहन छोड़कर फरार हो गया।

तिरपाल से ढककर रखे गए थे 11 बछड़े

पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसके पीछे के डाले में नीले रंग के तिरपाल से ढककर 11 छोटे-छोटे गौवंश यानी बछड़ों को रखा गया था। पुलिस के अनुसार, पशुओं को पर्याप्त जगह, चारा और पानी उपलब्ध नहीं कराया गया था और उन्हें बेतरतीब तरीके से वाहन में भरा गया था।

मामले को गंभीरता से लेते हुए चौकी दुधावा पुलिस ने अपराध क्रमांक 166/26 दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपियों के खिलाफ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(1)(घ) के तहत मामला दर्ज किया गया।

फरार आरोपियों की तलाश में जुटी थी पुलिस

घटना के बाद पिकअप वाहन छोड़कर फरार हुए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार पतासाजी कर रही थी। पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार साहू के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कांकेर हरीश कुमार पाटिल के पर्यवेक्षण में चौकी दुधावा पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज की।

लगातार प्रयास के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

ये दो आरोपी गिरफ्तार

 

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है—

झमेश्वर साहू, पिता बाबूलाल, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम बोडरा, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी।

ताराचंद साहू, पिता छबिलाल साहू, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम दरगहन, थाना केरेगांव, जिला धमतरी।

दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

वाहन और मोबाइल फोन सहित 11 बछड़े जब्त

पुलिस ने मामले में निम्न सामग्री जब्त की है—

पिकअप वाहन क्रमांक CG 24 K 6588

11 नग गौवंश (बछड़े)

घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन

पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और गौवंश को कहां ले जाया जा रहा था तथा इस कथित तस्करी में अन्य लोगों की भूमिका थी या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी दुधावा निरीक्षक मनीष कुमार नेताम, उप निरीक्षक प्रेमशंकर ठाकुर, सहायक उप निरीक्षक गंगाराम शोरी, प्रधान आरक्षक गौतम बिसेन और आरक्षक गजाधर उइके का विशेष योगदान रहा।

कांकेर पुलिस की आम लोगों से अपील

कांकेर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि पशु तस्करी अथवा किसी भी अन्य अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति या आपराधिक गतिविधि की सूचना देने के लिए अपराध हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 जारी किया है। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here