एक वीडियो ने मचा दिया देशभर में बवाल! धमतरी के पुराने BJP झंडे वाले वीडियो पर 2 गिरफ्तार

0

धमतरी। सोशल मीडिया पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के झंडे से जुड़े एक वीडियो को कथित तौर पर गलत तरीके से एडिट कर “धमतरी में तिरंगे की जगह BJP का झंडा” जैसे भ्रामक दावे के साथ वायरल करने के मामले में धमतरी पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने मूल वीडियो में एडिटिंग कर राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगे) से जुड़ा प्रतीक चिन्ह भी जोड़ दिया था। इसके बाद वीडियो को इंस्टाग्राम और फेसबुक पर प्रसारित किया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

भाजपा कार्यालय के प्रशिक्षण कार्यक्रम का था मूल वीडियो

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 मार्च 2026 को कुरुद स्थित भाजपा कार्यालय में एक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से पार्टी का झंडा फहराया गया था।

पुलिस का आरोप है कि इसी कार्यक्रम के मूल वीडियो को आरोपियों ने News Banao App के माध्यम से एडिट किया। एडिट किए गए वीडियो में ऐसा कैप्शन लगाया गया, जिससे यह संदेश जाए कि धमतरी में तिरंगे की जगह भाजपा का झंडा लगाया गया है।

इसके अलावा वीडियो में राष्ट्रीय ध्वज यानी तिरंगे का प्रतीक चिन्ह भी लगाया गया। इसके बाद एडिटेड वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और फेसबुक पर प्रसारित किया गया।

सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ वीडियो

वीडियो के साथ लगाए गए भ्रामक कैप्शन के कारण मामला गंभीर हो गया। सोशल मीडिया पर वीडियो के प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने वीडियो की वास्तविकता और उसे एडिट कर सोशल मीडिया पर अपलोड किए जाने से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों को जुटाया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में वीडियो एडिटिंग और सोशल मीडिया पर उसे अपलोड किए जाने से संबंधित साक्ष्य मिले।

Instagram के Recently Deleted सेक्शन से भी मिले साक्ष्य

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन में मौजूद Instagram के Recently Deleted सेक्शन की भी जांच की गई। यहां से डिलीट किए गए वीडियो से संबंधित डिजिटल प्रमाण बरामद कर सुरक्षित किए गए।

पुलिस ने इन डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान की और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की।

दो युवकों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान इस प्रकार बताई गई है—

भुनेश्वर निराला (25 वर्ष) — ग्राम जिल्दी, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़

राकेश निराला (32 वर्ष) — ग्राम जिल्दी, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई गई है।

BNS की धाराओं में दर्ज हुआ मामला

धमतरी सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 190/2026 दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 336(4) और 353(2) के तहत कार्रवाई की गई।

जांच में मिले डिजिटल साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

धमतरी पुलिस ने लोगों से की अपील

धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर सामने आने वाले किसी भी वीडियो, फोटो या खबर को बिना सत्यता की जांच किए आगे शेयर न करें।

पुलिस ने कहा कि किसी वीडियो को एडिट कर उसके साथ भ्रामक या गलत जानकारी प्रसारित करने से समाज में भ्रम और विवाद की स्थिति पैदा हो सकती है। ऐसी सामग्री फैलाना कानूनन अपराध की श्रेणी में आ सकता है और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने नागरिकों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने और संदिग्ध सामग्री मिलने पर उसे आगे प्रसारित करने के बजाय संबंधित पुलिस या प्रशासन को सूचना देने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here