पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी जी की जयंती पर ग्राम कलेंडा में 20 अगस्त को होगा विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर

0

राजधानी रायपुर के विशेषज्ञ चिकित्सक करेंगे मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार

सरायपाली। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी जी की जयंती के अवसर पर 20 अगस्त 2026 को जनसेवा एवं जनस्वास्थ्य को समर्पित विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर ग्राम कलेंडा (सिंघोड़ा), कलेंडा चौक स्थित श्रीराम पब्लिक स्कूल में आयोजित होगा।

स्वास्थ्य शिविर का आयोजन समाजसेवी संस्था नवा बिहान फाउंडेशन द्वारा किया जा रहा है।

संस्था के संस्थापक ने जानकारी देते हुए बताया कि सरायपाली विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ ग्रामीण अंचलों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने तथा जरूरतमंद लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस शिविर का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विधायक चातुरी नंद के विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन में शिविर को व्यापक स्वरूप दिया गया है।

रायपुर के विशेषज्ञ चिकित्सक रहेंगे मौजूद

नवा बिहान फाउंडेशन के संस्थापक ने बताया कि स्वास्थ्य शिविर में राजधानी रायपुर के विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे। शिविर में प्रमुख रूप से डॉ. अनूप तिग्गा MS (Ortho), डॉ. पूनम पटेल — DNB (Obs & Gynaec) डॉ. दिव्यश्री सिंह — MS (General Surgery), डॉ. प्रतिमा बंसोर — MD (Skin & VD) विशेष रूप से उपस्थित रहकर मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान करेंगी।

शिविर में आम नागरिकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श, रक्तचाप एवं ब्लड शुगर की जांच तथा आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। उपलब्धता के अनुसार जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक दवाइयां भी प्रदान की जाएंगी।

विधायक चातुरी नंद ने की क्षेत्रवासियों से अपील

विधायक चातुरी नंद ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर इसका लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय राजीव गांधी जी ने देश के विकास के साथ-साथ आम जनता के कल्याण और आधुनिक भारत के निर्माण का सपना देखा था। उनकी जयंती के अवसर पर जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का यह प्रयास उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

विधायक चातुरी नंद ने कहा, “जनता की सेवा ही हमारा संकल्प है। स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए हम सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। स्वर्गीय राजीव गांधी जी की जयंती पर नवा बिहान फाउंडेशन द्वारा आयोजित यह स्वास्थ्य शिविर सेवा और समर्पण की भावना का एक सार्थक प्रयास है।”

उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि 20 अगस्त को ग्राम कलेंडा (सिंघोड़ा) स्थित श्रीराम पब्लिक स्कूल में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में स्वयं पहुंचें तथा अपने परिवार एवं आसपास के जरूरतमंद लोगों को भी साथ लेकर आएं, ताकि अधिक से अधिक लोग विशेषज्ञ चिकित्सकों की निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here