
स्वच्छता दीदियों ने कलेक्टर के नाम डिप्टी कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, अभद्र व्यवहार और अतिरिक्त काम कराने सहित लगाए कई आरोप

महासमुंद। CG DASTAK
महासमुंद नगरपालिका की स्वच्छता दीदियों ने मिशन क्लीन सिटी प्रभारी को हटाने की मांग को लेकर प्रशासन का दरवाजा खटखटाया है। स्वच्छता दीदियों ने कलेक्टर के नाम डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए मिशन क्लीन सिटी प्रभारी नवशाद बक्श पर अभद्र व्यवहार, छुट्टी मांगने पर दुर्व्यवहार, अतिरिक्त काम कराने और काम से हटाने की धमकी देने सहित कई आरोप लगाए हैं। हालांकि नगरपालिका के CMO ने इन आरोपों को निराधार बताया है।
स्वच्छता दीदियों ने लगाए ये आरोप
स्वच्छता दीदियों का आरोप है कि व्यक्तिगत या स्वास्थ्य संबंधी कारणों से छुट्टी मांगने पर कथित तौर पर उनके साथ दुर्व्यवहार किया जाता है। महिलाओं का कहना है कि काम के दौरान समस्या बताने पर समाधान करने के बजाय उन्हें काम से निकालने की धमकी दी जाती है।
महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन के अलावा उनसे अतिरिक्त काम कराया जाता है और निर्धारित समय से अधिक काम करने का दबाव बनाया जाता है। उनका दावा है कि अतिरिक्त काम नहीं करने पर वेतन काटने की बात कही जाती है।
मांग पूरी नहीं हुई तो काम पर नहीं लौटने की बात
स्वच्छता दीदियों ने मिशन क्लीन सिटी प्रभारी को हटाने की मांग की है। महिलाओं का कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक वे काम पर नहीं लौटेंगी।
नगरपालिका ने आरोपों को बताया निराधार
मामले में नगरपालिका CMO ने स्वच्छता दीदियों के आरोपों को निराधार बताया है। CMO के अनुसार महिलाओं की मांगों को लेकर पहले ही बातचीत की जा चुकी है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मणिकंचन केंद्र में कैमरे लगाए जाने को लेकर भी CMO ने कहा कि ये स्वच्छता दीदियों की सुरक्षा के लिए लगाए गए हैं।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करता है।










