
तेलीबांधा थाना पुलिस और ANTF की संयुक्त कार्रवाई, 19.10 लाख रुपये का गांजा बरामद, ट्रक भी जब्त
रायपुर। CG DASTAK
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा सूखे नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में तेलीबांधा थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रक से 191 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर तेलीबांधा थाना पुलिस और ANTF की टीम ने अग्रसेन धाम के पास सर्विस रोड पर एक अशोक लीलैंड ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली। जांच के दौरान ट्रक से 191 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 19 लाख 10 हजार रुपये बताई जा रही है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ट्रक को भी जब्त कर लिया। मामले में पश्चिम बंगाल निवासी मोहम्मद लाल और मोहम्मद रूस्तम को गिरफ्तार किया गया है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।










