
बिलासपुर। CG DASTAK
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में पुलिस ने एक तथाकथित न्यूज पोर्टल संचालक दीपक टंडन को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक की मदद से तस्वीरों में बदलाव कर भ्रामक और अपमानजनक खबरें प्रकाशित करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को रायपुर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया है।
शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
जानकारी के मुताबिक, 29 अक्टूबर को मणीशंकर पांडेय ने सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि एक न्यूज पोर्टल और सोशल मीडिया के माध्यम से आपत्तिजनक शीर्षकों के साथ भ्रामक खबरें प्रसारित की जा रही हैं।
शिकायतकर्ता के अनुसार, इन खबरों में AI तकनीक का इस्तेमाल कर तस्वीरों को बदलकर गलत संदर्भ में प्रस्तुत किया जा रहा था। इससे संबंधित व्यक्तियों और संस्थाओं की सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही थी।
रायपुर के अपार्टमेंट से आरोपी गिरफ्तार
शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। इसी क्रम में पुलिस टीम रायपुर पहुंची और रजत प्राइम अपार्टमेंट से दीपक टंडन को गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक, मोबाइल फोन की जांच में न्यूज पोर्टल से संबंधित कई आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिले हैं। फिलहाल इन डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
अन्य आरोपियों की भूमिका भी जांच के दायरे में
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम की धारा 4 और 5 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5) के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इसके साथ ही मामले में अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









