पटना में छात्रों पर वाटर कैनन, CM आवास घेराव के दौरान पुलिस ने रोका; कई छात्र डिटेन

0

सीवान गोलीकांड के विरोध में आईसा, एआईएसएफ, एनएसयूआई समेत कई छात्र संगठनों का प्रदर्शन, पांच सूत्रीय मांगों को लेकर निकाला मार्च

पटना। CG DASTAK 

बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार को छात्र संगठनों का बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला। सीवान में छात्र प्रदर्शन के दौरान हुए गोलीकांड के विरोध में आईसा, एआईएसएफ, एनएसयूआई समेत वामपंथी छात्र संगठनों ने मुख्यमंत्री आवास घेराव का आह्वान किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने छात्रों को रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।

जानकारी के अनुसार, छात्र युवा संघर्ष मोर्चा के बैनर तले प्रदर्शनकारी रामगुलाम चौक से जुलूस निकालकर मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे थे। पुलिस ने पहले गांधी मैदान के गेट नंबर-12 के पास उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन छात्र आगे बढ़ते रहे। इसके बाद डाकबंगला चौराहे और इनकम टैक्स चौराहे पर बैरिकेडिंग कर उन्हें रोका गया।

जब प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने पर अड़े रहे तो पुलिस ने हालात नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का प्रयोग किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच नोकझोंक भी हुई तथा कई छात्रों को हिरासत में लिया गया। घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा।

छात्र संगठनों ने प्रदर्शन के दौरान पांच प्रमुख मांगें रखीं। इनमें विश्वविद्यालयों में खाली पड़े शिक्षकों के पदों पर जल्द नियुक्ति, विश्वविद्यालय अधिनियम-1976 को निरस्त करने के प्रस्ताव को वापस लेने, सीवान गोलीकांड और कथित पुलिस कार्रवाई की उच्चस्तरीय जांच, प्रभावित छात्रों को मुआवजा तथा एसपी और डीएसपी स्तर के अधिकारियों की भूमिका की जांच शामिल है।

प्रदर्शन को देखते हुए डाकबंगला चौराहा, इनकम टैक्स चौराहा और आसपास के संवेदनशील इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here