
रायपुर के विधानसभा अंडरब्रिज के पास दर्दनाक हादसा, आरोपी बस चालक गिरफ्तार, डायल-112 टीम के त्वरित रिस्पांस की सराहना

रायपुर। CG DASTAK
राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक 3 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। विधानसभा अंडरब्रिज के पास भूवंश स्कूल की बस की चपेट में आने से बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद पुलिस ने बस चालक को गिरफ्तार कर बस जब्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार, विधानसभा क्षेत्र के अंडरब्रिज के पास रहने वाले राजा देवार का 3 वर्षीय बेटा मुन्ना मंगलवार सुबह करीब 8 बजे सर्विस रोड पर अचानक स्कूल बस की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि मासूम की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बस चालक धर्मेंद्र साहू को गिरफ्तार कर लिया। बस को जब्त कर चालक और कंडक्टर से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे के बाद मृतक के परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में विधानसभा थाने पहुंचे और आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए थाने का घेराव किया। परिजनों का आरोप है कि स्कूल बसों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा।
पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। वहीं, बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

इस बीच डायल-112 की टीम ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया तथा मौके पर भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों ने डायल-112 में तैनात पुलिसकर्मियों के त्वरित रिस्पांस की सराहना की है।










