
वन विभाग और वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो की संयुक्त कार्रवाई, धर्मशाला से 3 हाथी दांत (जबड़े) बरामद, तस्करी नेटवर्क की जांच जारी

बलरामपुर। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में वन विभाग ने वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो (WCCB) के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय हाथी दांत तस्कर गिरोह का पर्दाफाश किया है। संयुक्त टीम ने एक धर्मशाला के कमरे में छापेमारी कर तीन हाथी दांत (जबड़े) बरामद किए हैं।
कार्रवाई के दौरान छत्तीसगढ़ और झारखंड के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर हाथी दांत की तस्करी में संलिप्त होने की बात स्वीकार की है। इसके बाद वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है और इस अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
वहीं, सूत्रों के हवाले से कार्रवाई के दौरान कुछ मादक पदार्थ और नकद राशि बरामद होने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि, वन विभाग या संबंधित जांच एजेंसियों ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इसलिए इस पहलू की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।










