दुर्ग में उपसरपंच की चाकू मारकर हत्या: लूट का विरोध पड़ा भारी, मोबाइल और नकदी लेकर फरार हुए बदमाश

0

भिलाई से गांव लौट रहे थे ग्राम तूमाकला के उपसरपंच प्रकाश सिंह कश्यप, चार बदमाशों ने रास्ता रोककर की वारदात

दुर्ग। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में ग्राम तूमाकला के उपसरपंच प्रकाश सिंह कश्यप की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। वारदात जेवरा-सिरसा थाना क्षेत्र के करगीडीह से चिखली चौक के बीच रविवार देर रात हुई।

लूट का विरोध करने पर किया हमला

पुलिस के अनुसार, प्रकाश सिंह कश्यप अपने एक साथी के साथ भिलाई से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार चार अज्ञात बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने पहले मोबाइल फोन और नकदी लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने प्रकाश सिंह कश्यप पर चाकू से कई वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के दौरान उनके साथ मौजूद व्यक्ति किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला और पुलिस को सूचना दी।

मोबाइल और नकदी लूटकर फरार

वारदात के बाद आरोपी मृतक का मोबाइल फोन और करीब 4 हजार रुपये नकद लेकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही जेवरा-सिरसा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला लूट के दौरान हत्या का प्रतीत हो रहा है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

गांव में शोक का माहौल

मृतक प्रकाश सिंह कश्यप धमधा ब्लॉक के ग्राम तूमाकला के उपसरपंच थे। उनकी पत्नी देवती बाई कश्यप वर्तमान में गांव की सरपंच हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here