शराब दुकान के विरोध में गरजे पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल: आबकारी अफसर को फोन पर लगाई फटकार, बोले– ‘कोई तोप नहीं हो, गांव में दुकान नहीं खुलने देंगे’

0

 

कोरबा के बरबसपुर में प्रस्तावित शराब दुकान का ग्रामीणों ने किया विरोध, महिलाओं के धरने के बीच पूर्व मंत्री ने अफसर से फोन पर की तीखी बातचीत, वीडियो वायरल।

कोरबा। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के ग्राम बरबसपुर में प्रस्तावित शराब दुकान को लेकर विरोध तेज हो गया है। ग्रामीणों, खासकर महिलाओं के धरने के बीच पहुंचे पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने आबकारी विभाग के अधिकारी को फोन लगाकर जमकर फटकार लगाई। बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

धरने पर पहुंचे पूर्व मंत्री, अफसर को सुनाई खरी-खोटी

बरबसपुर में शराब दुकान खोलने की आशंका के बीच बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल धरना स्थल पहुंचे और आंदोलन को समर्थन दिया। उन्होंने मौके से ही आबकारी अधिकारी से फोन पर बात करते हुए स्पष्ट कहा कि बरबसपुर में किसी भी कीमत पर शराब दुकान नहीं खुलने दी जाएगी।

विधायक का भाई होगा, कोई तोप नहीं’

फोन पर बातचीत के दौरान जयसिंह अग्रवाल ने अधिकारी से कहा, “बेवजह बहस मत करो। यहां गांव की महिलाएं रात-दिन भूखी-प्यासी बैठी हैं। कांग्रेस विधायक का भाई होगा, कोई तोप नहीं। अगर दुकान खोलने की कोशिश की तो अंजाम ठीक नहीं होगा।”

उन्होंने यह भी कहा कि गांव वालों की भावनाओं के खिलाफ कोई फैसला स्वीकार नहीं किया जाएगा और जरूरत पड़ी तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

लिखित आदेश की मांग

पूर्व मंत्री ने आबकारी विभाग से मांग की कि लिखित नोटिफिकेशन जारी कर स्पष्ट किया जाए कि बरबसपुर में शराब दुकान नहीं खोली जाएगी। उन्होंने कहा कि मंत्री कोई भगवान नहीं होता और जनता की इच्छा के विरुद्ध निर्णय नहीं लिया जा सकता।

आबकारी मंत्री का बयान

विवाद बढ़ने के बाद आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि अब तक बरबसपुर में शराब दुकान खोलने का कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। विभाग की टीम केवल संभावित स्थान का निरीक्षण करने पहुंची थी।

वीडियो हुआ वायरल, बढ़ी सियासी हलचल

पूर्व मंत्री और आबकारी अधिकारी के बीच हुई तीखी बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इस मुद्दे ने राजनीतिक रंग भी पकड़ लिया है। फिलहाल गांव में विरोध प्रदर्शन जारी है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here