
मंदिर जाने से रोकने, बुर्का पहनने और नमाज पढ़ने का दबाव बनाने का आरोप, शिकायत के बाद पुलिस ने BNS की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

रायपुर। CG DASTAK
राजधानी रायपुर में कथित धर्म परिवर्तन से जुड़े विवाद में नया मोड़ आ गया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर मोवा थाना पुलिस ने उसके पति और ससुर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत में पीड़िता ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद उस पर जबरन धर्म परिवर्तन करने, बुर्का पहनने, नमाज पढ़ने और हिंदू रीति-रिवाजों का पालन न करने का दबाव बनाया गया। मामले में आरोपी पक्ष पहले इन आरोपों से इनकार कर चुका है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की जांच की जा रही है।
धमकी और गाली-गलौज का भी आरोप
एफआईआर के अनुसार, 1 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे पारिवारिक विवाद के दौरान पति और ससुर ने कथित रूप से पीड़िता के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
पहले लगाए थे गंभीर आरोप
इससे पहले पीड़िता ने आरोप लगाया था कि सोशल मीडिया पर अलग नाम बताकर उससे दोस्ती की गई। शादी के बाद उस पर धर्म परिवर्तन करने, नाम बदलने, बुर्का पहनने, नमाज पढ़ने और मंदिर जाने से रोकने का दबाव बनाया गया। उसने मारपीट और मानसिक प्रताड़ना के आरोप भी लगाए थे।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। अब मामले में लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










