
जगदलपुर के झंकार टॉकीज में फिल्म के दौरान दो गुट भिड़े, कुर्सियां-टेबल फेंके गए, CCTV के आधार पर आरोपियों की तलाश

जगदलपुर। CG DASTAK
हॉलीवुड फिल्म Spider-Man: Brand New Day का क्रेज जगदलपुर में उस समय हिंसक झड़प में बदल गया, जब फिल्म देखने पहुंचे युवाओं के दो गुटों के बीच मामूली विवाद ने देखते ही देखते मारपीट का रूप ले लिया। झंकार टॉकीज में दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले, वहीं कुर्सियां और टेबल भी एक-दूसरे पर फेंकी गईं।
हथौड़े से हमले का आरोप, युवक गंभीर घायल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान एक युवक पर कथित तौर पर हथौड़े से हमला किया गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसके सिर पर 6 टांके लगाए गए।
थिएटर में मची अफरा-तफरी
अचानक हुई हिंसक मारपीट से झंकार टॉकीज में अफरा-तफरी मच गई। फिल्म देखने आए दर्शकों में भी दहशत फैल गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
CCTV फुटेज के आधार पर तलाश जारी
पूरी घटना थिएटर में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है। मामले की जांच जारी है।










