कोरबा में हाथी का हमला: खेत से लौट रहे किसान की मौत, तीन दिन से इलाके में घूम रहा लोनर हाथी

0

बड़मार जंगल में हुई घटना, वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की

कोरबा। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में हाथी के हमले में एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। घटना कोरबा वन मंडल के करतला वन परिक्षेत्र अंतर्गत बड़मार गांव के पास जंगल में हुई। मृतक की पहचान 53 वर्षीय जगेश्वर राठिया के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, जगेश्वर राठिया खेत में काम करने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव से करीब दो किलोमीटर अंदर जंगल में उनका सामना एक लोनर (दल से बिछड़े) हाथी से हो गया। हाथी ने अचानक हमला कर दिया, जिससे किसान को संभलने का मौका नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी अन्य किसानों ने परिजनों और वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। साथ ही आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों को तत्काल घर लौटने और सतर्क रहने की सलाह दी गई।

करतला रेंजर अक्ष ऋषि ने बताया कि यह लोनर हाथी पिछले तीन दिनों से बड़मार जंगल और आसपास के क्षेत्रों में विचरण कर रहा है। वन विभाग पहले भी मुनादी करा चुका है और शनिवार को भी गांवों में लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी गई। विभाग ने बताया कि मृतक के परिजनों को नियमानुसार तत्काल सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here