
तीन दिवसीय आंदोलन की शुरुआत प्रेसवार्ता से, दूसरे दिन घर-घर संपर्क और तीसरे दिन रायपुर में प्रदर्शन
रायपुर। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ में बढ़ते बिजली बिल, स्मार्ट मीटर और बिजली दरों में वृद्धि के विरोध में कांग्रेस ने तीन दिवसीय प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। अभियान की शुरुआत आज (1 अगस्त) से होगी। पहले दिन प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रेसवार्ता कर सरकार की बिजली नीति और बढ़े हुए बिजली बिलों को मुद्दा बनाएंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आंदोलन की रूपरेखा जारी करते हुए कहा कि प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं को लगातार अधिक बिल मिल रहे हैं। स्मार्ट मीटर और बढ़ी हुई बिजली दरों ने आम लोगों का मासिक बजट बिगाड़ दिया है। कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर प्रदेशभर में जनता के बीच जाएगी।
घर-घर संपर्क कर भरवाए जाएंगे आवेदन
अभियान के दूसरे दिन यानी 2 अगस्त को कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर बिजली उपभोक्ताओं से संपर्क करेंगे। इस दौरान महंगे बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के खिलाफ आवेदन भरवाए जाएंगे, जिन्हें सरकार तक पहुंचाने का दावा किया गया है।
3 अगस्त को मुख्यमंत्री निवास का घेराव
अभियान के अंतिम दिन 3 अगस्त को प्रदेशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता रायपुर पहुंचेंगे और मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे। पार्टी का कहना है कि यदि सरकार बिजली दरों और बढ़े हुए बिजली बिलों पर राहत नहीं देती तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
कांग्रेस का तीन दिवसीय कार्यक्रम
1 अगस्त: सभी जिला मुख्यालयों में प्रेसवार्ता।
2 अगस्त: घर-घर जनसंपर्क और स्मार्ट मीटर व महंगे बिजली बिल के खिलाफ आवेदन अभियान।
3 अगस्त: रायपुर में मुख्यमंत्री निवास का घेराव।










