मोपका गौठान में 6 गायों की मौत पर बड़ी कार्रवाई, सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी हटाए गए

0

गोठान में क्षमता से अधिक गौवंश रखने और लापरवाही के आरोप, जांच के बाद विभाग का एक्शन

बिलासपुर। CG DASTAK 

बिलासपुर के मोपका शहरी गौठान में छह गायों की मौत के मामले में पशु चिकित्सा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी अजय कुमार राठौर को उनके पद से हटाकर मूल पदस्थापना जिला पशु चिकित्सालय भेज दिया गया है। उनकी जगह दूजराम यादव को मोपका गौठान का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

जानकारी के अनुसार, मोपका गौठान के एक कमरे में क्षमता से अधिक गायों को रखा गया था। इसी दौरान भगदड़ मचने से छह गौवंशों की मौत हो गई। घटना के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।

गौसेवा आयोग ने किया औचक निरीक्षण

घटना की सूचना मिलने पर छत्तीसगढ़ गौसेवा आयोग की जिला समिति के अध्यक्ष धीरेंद्र दुबे ने मोपका पशु आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आश्रय स्थल में करीब 300 गौवंश मौजूद मिले, जबकि छह मृत गौवंश भी पाए गए।

निरीक्षण के बाद समिति ने कर्मचारियों और संबंधित अधिकारियों की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त और संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा विभाग को रिपोर्ट भेजकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

विभाग ने जारी किया आदेश

संयुक्त संचालक, पशु चिकित्सा सेवाएं, बिलासपुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार अजय कुमार राठौर को तत्काल प्रभाव से मोपका गौठान से हटाकर जिला पशु चिकित्सालय भेजा गया है। वहीं दूजराम यादव को मोपका गौठान का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और विभाग ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here