चावल कारोबारी की हत्या का खुलासा: बिजनेस की जलन में दोस्त बना कातिल, कैंची और पाना से उतारा मौत के घाट

0

धमतरी पुलिस ने 9 दिन में सुलझाई ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री, आरोपी गिरफ्तार, हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद

धमतरी। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में चावल कारोबारी नीरज साहू (27) की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मृतक के ही कारोबारी साथी बिरेंद्र कुमार साहू को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि चावल के कारोबार में प्रतिस्पर्धा और जलन के चलते आरोपी ने कैंची और पाना से हमला कर नीरज की हत्या कर दी।

22 जुलाई को मिला था खून से लथपथ शव

22 जुलाई को नारी महानदी पुल के मुख्य मार्ग पर नीरज साहू का शव खून से लथपथ मिला था। उसके गले और माथे पर गंभीर चोट के निशान थे। घटनास्थल पर उसका बोलेरो पिकअप वाहन भी खड़ा मिला था, जिसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी और साइबर जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी भावना पांडे के निर्देश पर कुरूद, मगरलोड थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर संदेही बिरेंद्र कुमार साहू निवासी सांकरा, थाना मगरलोड तक पहुंची।

बिजनेस में आगे निकलने से था नाराज

पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली। उसने बताया कि वह और नीरज दोनों चावल का कारोबार करते थे। नीरज का व्यापार तेजी से बढ़ रहा था और उसकी कमाई अधिक होने से वह उससे ईर्ष्या रखने लगा था। इसी रंजिश में उसने हत्या की साजिश रची।

कैंची और पाना से किया ताबड़तोड़ हमला

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने नारी महानदी पुल के पास सुनसान जगह पर नीरज को रोककर कैंची और पाना से ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल कैंची और पाना भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। अधिकारियों ने कहा कि गंभीर मामलों में तकनीकी और वैज्ञानिक जांच के जरिए अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here