रायगढ़ में वन्यजीवों का डबल अटैक: बंदरों ने एक दर्जन लोगों को काटा, हाथियों ने हाईवे जाम कर दहशत फैलाई

0

चिराईपानी गांव में बंदरों का आतंक, तमनार मार्ग पर हाथियों की वजह से घंटों जाम; वन विभाग ने जारी किया अलर्ट

रायगढ़। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में इन दिनों वन्यजीवों का आतंक लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। एक तरफ चिराईपानी गांव में बंदरों ने एक दर्जन से अधिक लोगों को काटकर घायल कर दिया है, वहीं दूसरी ओर दल से भटके हाथियों ने रायगढ़–सुंदरगढ़ और तमनार मार्ग पर पहुंचकर घंटों तक यातायात बाधित कर दिया। हालात को देखते हुए वन विभाग ने अलर्ट जारी कर ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है।

बंदरों के हमले से दहशत

चिराईपानी गांव में बंदर लगातार घरों में घुसकर उत्पात मचा रहे हैं। अब तक एक दर्जन से ज्यादा लोगों को काटकर घायल कर चुके हैं। शुक्रवार सुबह एक महिला समेत दो लोगों पर बंदरों ने हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद वन विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिससे लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।

हाथियों ने रोका यातायात

बंगुरसिया और आसपास के इलाकों में दो दर्जन से अधिक हाथियों का झुंड सक्रिय है। बताया जा रहा है कि झुंड से भटके दो हाथी लगातार उत्पात मचा रहे हैं। देर रात दोनों हाथी रायगढ़–सुंदरगढ़ और तमनार मार्ग पर आ गए, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित रहा।

वन विभाग ने जारी किया अलर्ट

वन विभाग ने लोगों से हाथियों के मार्ग में न जाने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। आसपास के आधा दर्जन से अधिक गांवों में मुनादी कर लोगों को सतर्क किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार हाथियों के हमले में अब तक दो लोग घायल हुए हैं। विभाग की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here