
दुर्ग। CG DASTAK
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने शुक्रवार को जिला चिकित्सालय दुर्ग परिसर में लगभग 4 करोड़ 85 लाख 43 हजार रुपये की लागत से बनने वाले सर्जिकल विंग प्रथम तल (फेज-2) के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस परियोजना के तहत मरीजों और उनके परिजनों के लिए आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से युक्त पेइंग वार्ड विकसित किया जाएगा।

मंत्री गजेंद्र यादव ने बताया कि नए सर्जिकल विंग में 7 आधुनिक पेइंग रूम, दो विशाल वेटिंग हॉल, सेंट्रलाइज्ड एयर कंडीशनिंग, टेलीविजन सहित कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से जिला अस्पताल में पेइंग वार्ड की सुविधा नहीं होने के कारण मरीजों, विशेषकर प्रसूता महिलाओं और उनके परिजनों को निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ता था।
उन्होंने बताया कि लगभग 15 वर्ष पहले जिला अस्पताल में पेइंग वार्ड संचालित होता था, जिसमें अलग किचन सहित कई सुविधाएं उपलब्ध थीं। बढ़ती मरीज संख्या को देखते हुए इस व्यवस्था को फिर से शुरू करने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया था, जिसे अब स्वीकृति मिल गई है।
मंत्री ने कहा कि नए पेइंग वार्ड में मरीजों को होटल जैसी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी, जिससे वे अस्पताल में ही चिकित्सकों की निगरानी में बेहतर उपचार प्राप्त कर सकेंगे। साथ ही भविष्य में जिला अस्पताल में एमआरआई सेंटर और सीटी स्कैन सेंटर स्थापित करने की भी योजना है, जिससे जिलेवासियों को उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकें।
इस अवसर पर नगर निगम सभापति श्याम शर्मा, छत्तीसगढ़ तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र साहू, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी, सिविल सर्जन डॉ. आशिष मिंज, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता ए.के. भट्टाचार्य सहित स्वास्थ्य एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारी और वरिष्ठ चिकित्सक मौजूद रहे।










