उमेश पटेल के समर्थन वाली पोस्ट पर कांग्रेस नेता को नोटिस, PCC अध्यक्ष पद की चर्चा के बीच संगठन सख्त

0

रायपुर। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष (PCC) की नियुक्ति को लेकर जारी चर्चाओं के बीच संगठन ने अनुशासनहीनता के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ के पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता अरुण मालाकार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

आरोप है कि अरुण मालाकार ने अपने फेसबुक अकाउंट पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता उमेश पटेल को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने के समर्थन में पोस्ट साझा की थी। यह पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रदेश कांग्रेस संगठन ने इसे पार्टी अनुशासन के विपरीत माना।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अनुसार, इस प्रकार की सार्वजनिक पोस्ट पार्टी की आंतरिक प्रक्रिया का उल्लंघन करती है और इससे संगठन की छवि प्रभावित हो सकती है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देश पर प्रभारी महामंत्री ने अरुण मालाकार को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि तय समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पार्टी संविधान के प्रावधानों के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।

प्रदेश कांग्रेस में नए PCC अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर पिछले कुछ समय से राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। इसी बीच अलग-अलग नेताओं के समर्थन में सोशल मीडिया पर पोस्ट सामने आ रही हैं, जिन पर अब संगठन ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here