विश्व हेपेटाइटिस दिवस: रायपुर में जागरूकता अभियान, मुफ्त जांच और टीकाकरण पर जोर

0

रायपुर। CG DASTAK 

स्वास्थ्य विभाग की अपील- बुखार, पीलिया, कमजोरी जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत कराएं जांच; साफ पानी और टीकाकरण से हेपेटाइटिस से बचाव संभव।

खबर:

रायपुर। विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर रायपुर जिले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। राष्ट्रीय वायरल हेपेटाइटिस नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जागरूकता संगोष्ठी, नि:शुल्क जांच शिविर, टीकाकरण अभियान और रैलियों का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य लोगों को हेपेटाइटिस के प्रति जागरूक करना और समय पर जांच व उपचार के लिए प्रेरित करना रहा।

इस वर्ष विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने विश्व हेपेटाइटिस दिवस की थीम “हेपेटाइटिस: आइए इसे खत्म करें” रखी है। इसका लक्ष्य वर्ष 2030 तक हेपेटाइटिस-बी और सी के मामलों को समाप्त करना है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिगिशेल चौधरी ने बताया कि जिले के सभी शासकीय अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, मेडिकल कॉलेजों और सिविल अस्पतालों में नि:शुल्क जांच और टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई। उन्होंने कहा कि समय पर जांच नहीं कराने और असुरक्षित इंजेक्शन के उपयोग से लीवर सिरोसिस और लीवर कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। साथ ही गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच और नवजात शिशुओं को जन्म के 24 घंटे के भीतर हेपेटाइटिस-बी का टीका लगवाने की सलाह दी गई।

आईडीएसपी नोडल अधिकारी डॉ. विमल किशोर राय ने बताया कि हेपेटाइटिस ए और ई दूषित पानी एवं भोजन से फैलते हैं, जबकि हेपेटाइटिस बी और सी संक्रमित रक्त, असुरक्षित इंजेक्शन और असुरक्षित यौन संबंधों के माध्यम से फैल सकते हैं। उन्होंने कहा कि हेपेटाइटिस-बी का टीका उपलब्ध है और स्वच्छता, सुरक्षित स्वास्थ्य आदतें तथा साफ पानी अपनाकर संक्रमण से बचाव किया जा सकता है।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि बुखार, पीलिया, कमजोरी, भूख न लगना जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं। विभाग का संदेश है— “जांच कराएं, इलाज कराएं और हेपेटाइटिस को हराएं।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here