सरायपाली और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त; कई मार्ग बंद, निचले इलाकों में भरा पानी

0

सरायपाली | विगत 14 घंटे से अधिक समय से लगातार तेज बारिश और कड़कड़ाती बिजली के कारण सरायपाली नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। लगातार हो रही वर्षा से नगर की कई निचली बस्तियों में पानी भर गया है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

पदमपुर मार्ग स्थित ओवरब्रिज के नीचे लगभग 4 फीट से अधिक पानी भर जाने के कारण यह मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। वहीं सरायपाली के आसपास बहने वाले कई नदी-नालों में पुलों के ऊपर से तेज बहाव के साथ पानी बहने से मुख्यालय का ग्रामीण क्षेत्रों से संपर्क टूट गया है।

जानकारी के अनुसार सरायपाली से जुड़े बालसी, बगैइजोर, पाटसेन्द्री, बोड़सरा, सुरंगी, कुसमिसरार और अमरकोट, केंदुमुड़ी मार्ग के नालों में पानी पुलों के ऊपर से बह रहा है। इसके चलते आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। आवश्यक कार्यों, विशेषकर शिक्षा एवं चिकित्सा सेवाओं के लिए लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और कई लोग अस्पताल तक भी नहीं पहुंच पा रहे हैं।

लगातार बारिश से नगर का बड़ा तालाब भी पूरी तरह लबालब भर गया है। तालाब के पुल के ऊपर तथा नीचे से तेज गति से पानी बह रहा है। वहीं नगर के प्रसिद्ध दुर्गा मंदिर का पूरा परिसर लगभग 3 फीट पानी में डूब गया है, जिससे मंदिर तक पहुंचना फिलहाल संभव नहीं है।

ग्रामीण क्षेत्रों से कुछ कच्चे मकानों के गिरने की भी सूचना मिल रही है। कई गांवों में बारिश का पानी बस्तियों तक पहुंच जाने से लोगों का सामान्य जीवन प्रभावित हो गया है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें तथा पुलों के ऊपर बह रहे पानी को पार करने का प्रयास न करें। मौसम को देखते हुए अगले कुछ घंटों तक सतर्क रहने की आवश्यकता है।

केंनदुमुडी पुल

अमरकोट पुल

सुरंगी नदी

बालसी नाला

सरायपाली ओवरब्रिज

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here