
रायपुर। CG DASTAK
शंकर नगर में पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित उतारी गई युवती, मानसिक स्थिति की जांच में जुटी पुलिस।
रायपुर। राजधानी के शंकर नगर इलाके में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती करीब 35 फीट ऊंचे होर्डिंग पर चढ़ गई। घटना खम्हारडीह थाना क्षेत्र की है, जहां युवती लगभग 40 मिनट तक होर्डिंग पर बैठी रही।
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से करीब 35 फीट ऊंची सीढ़ी लगाई गई और एहतियात के तौर पर नीचे सुरक्षा जाल भी बिछाया गया। पूरे घटनाक्रम के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने, इसके लिए पुलिस ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था संभाले रखी।
कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया। इसके बाद उसे पूछताछ के लिए खम्हारडीह थाने ले जाया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवती मानसिक रूप से अस्वस्थ या परेशान प्रतीत हो रही थी। बातचीत में उसने बताया कि उसे कोई विशेष परेशानी नहीं है और होर्डिंग पर चढ़ने की कोई खास वजह भी नहीं बताई। फिलहाल पुलिस युवती से पूछताछ कर उसके परिजनों और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।










