
SECL की भूमि अधिग्रहण कार्रवाई के दौरान भड़का विवाद, सर्वे टीम को बंधक बनाने के मामले में कार्रवाई करने पहुंची पुलिस पर हमला; इलाके में भारी पुलिस बल तैनात।
सूरजपुर। CG DASTAK

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में SECL की भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को लेकर चल रहा विवाद शुक्रवार को हिंसक हो गया। प्रशासन के अनुसार, सर्वे टीम को बंधक बनाने के मामले में कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने कथित तौर पर पथराव कर दिया। इस घटना में डीएसपी राजेश जोशी सहित 24 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, प्रतापपुर क्षेत्र के मदननगर-धरमपुर इलाके में SECL की भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया का ग्रामीण लंबे समय से विरोध कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें मुआवजा नहीं, बल्कि जमीन के बदले जमीन दी जाए।

बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले सर्वे करने पहुंची टीम को ग्रामीणों ने कथित रूप से बंधक बना लिया था। इसी मामले में कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची थी।
पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल
प्रशासन के अनुसार, कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और विवाद बढ़ने के बाद पुलिस पर पथराव शुरू हो गया। इस घटना में डीएसपी राजेश जोशी सहित 24 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। घायलों में महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। हालात को देखते हुए सूरजपुर सहित आसपास के जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
एएसपी योगेश देवांगन ने बताया कि सर्वे टीम को बंधक बनाने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।











