
मुख्यमंत्री बोले- जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई समिति की बैठक के बाद आगे बढ़ेगी प्रक्रिया, कांग्रेस के प्रदर्शन पर भी साधा निशाना।
रायपुर। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में गठित समिति की बैठक जल्द होगी। इसके बाद राज्य सरकार आगामी शीतकालीन सत्र में UCC से संबंधित विधेयक लाने की तैयारी कर रही है।
कर्नाटक रवाना होने से पहले रायपुर में मीडिया से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री साय ने कहा कि समिति की अनुशंसाओं के आधार पर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी और सरकार इस दिशा में तेजी से काम कर रही है।
कांग्रेस के प्रदर्शन पर भी बोले CM साय
मुख्यमंत्री ने रायपुर में कांग्रेस के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लोकतंत्र में सभी को शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का अधिकार है, लेकिन कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति किसी को नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ता पत्थरबाजी पर उतर आए थे और ऐसे मामलों में कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
कर्नाटक दौरे पर रवाना हुए मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि वे कर्नाटक के सत्य साईं ग्राम में आयोजित स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होने जा रहे हैं। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजनों से मुलाकात भी करेंगे।










