
तेज बारिश भी नहीं रोक सकी विरोध, सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी एवं युवा कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में हुआ प्रदर्शन, पेपर लीक मामले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
नीट (NEET) सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक मामलों को लेकर चिरमिरी में कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चिरमिरी एवं युवा कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में हल्दीबाड़ी स्थित पंजाब नेशनल बैंक के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया गया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए पेपर लीक मामलों में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और प्रभावित युवाओं को न्याय दिलाने की मांग उठाई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही कथित अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है। युवाओं ने वर्षों की मेहनत और तैयारी के बाद परीक्षाएं दीं, लेकिन बार-बार पेपर लीक की घटनाओं से उनका विश्वास टूट रहा है।
नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं के हितों की रक्षा करने में विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कांग्रेस इस मुद्दे पर लगातार संघर्ष करती रहेगी।
तेज बारिश में भी जुटे सैकड़ों कार्यकर्ता
विशेष बात यह रही कि तेज बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश के युवाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था मिलनी चाहिए तथा पेपर लीक मामलों की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों को कठोर सजा दी जानी चाहिए।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
प्रदर्शन में वरिष्ठ कांग्रेसी प्रो. भागवत दुबे, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शिवांश जैन, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष हफीज मेमन, पूर्व महापौर डमरू रेड्डी, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राजकुमार केसरवानी, नेता प्रतिपक्ष गायत्री बिरहा, नेता प्रतिपक्ष मनेंद्रगढ़ अनिल प्रजापति, ओबीसी कांग्रेस जिला अध्यक्ष मनोज साहू, इंटक अध्यक्ष राजू सलीम सहित चिरमिरी एवं मनेंद्रगढ़ क्षेत्र के पार्षद और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसके अलावा राहुल पटेल, सनी चौहाथा, रेशम त्रिपाठी, अनीश, स्वप्निल सिंह, राम प्यारे चौहान, उदय सिंह, गणेश वर्मा, क्रांति चौहान, ददन सिंह दुबे, छोटेलाल वर्मा, राधे मिश्रा, योगेंद्र सिंह, उमाशंकर एलगमकर, सफीर अहमद, शाहीन पाराशर, राहुल मलिक, अशरफ अली, राणा दास, साबिर खान सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन में भाग लिया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
संवाददाता: अशोक कुमार, चिरमिरी










