
रायपुर। CG DASTAK
कोल लेवी मामले में रिमांड पूरी होने के बाद हुई गिरफ्तारी, अनवर ढेबर और अन्य आरोपियों से आमने-सामने पूछताछ की तैयारी।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित आबकारी घोटाला मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया है। कोल लेवी घोटाले में पहले से गिरफ्तार रामगोपाल अग्रवाल की 14 दिन की रिमांड पूरी होने के बाद उन्हें एसीबी/ईओडब्ल्यू की विशेष अदालत में पेश किया गया।
सुनवाई के दौरान EOW ने आबकारी घोटाले में पूछताछ के लिए 5 दिन की पुलिस रिमांड की मांग की थी। हालांकि, विशेष अदालत ने एजेंसी को 3 दिन की पुलिस रिमांड मंजूर की है। अब जांच एजेंसी 25 जुलाई तक रामगोपाल अग्रवाल से आबकारी घोटाले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ करेगी।
जानकारी के अनुसार, जांच एजेंसी को आशंका है कि पूछताछ के दौरान मामले से जुड़े कई नए तथ्य सामने आ सकते हैं। मंगलवार को EOW रामगोपाल अग्रवाल को केंद्रीय जेल लेकर गई थी, जहां न्यायिक हिरासत में बंद आबकारी घोटाले के आरोपी अनवर ढेबर के सामने बैठाकर उनसे पूछताछ की गई।
इसके अलावा, मामले के अन्य आरोपी और अकाउंटेंट देवेंद्र डडसेना से भी आमने-सामने करीब तीन घंटे तक पूछताछ कर बयान दर्ज किए गए। सूत्रों के अनुसार, EOW आगे इस मामले में सूर्यकांत तिवारी समेत अन्य आरोपियों को भी रामगोपाल अग्रवाल के सामने बैठाकर पूछताछ कर सकती है।
जांच एजेंसी अब आबकारी घोटाले में कथित वित्तीय लेन-देन, भूमिका और अन्य आरोपियों से जुड़े संबंधों की कड़ियों को खंगालने में जुटी हुई है।










