राहुल गांधी के पीएम आवास घेराव के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन, कांग्रेस भवन के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा

0

रायपुर। CG DASTAK 

बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस पर लगाया अराजकता फैलाने का आरोप, कांग्रेस भी प्रदर्शन की तैयारी में जुटी; ट्रैफिक डायवर्जन लागू।

रायपुर। दिल्ली में राहुल गांधी समेत कांग्रेस नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री आवास के घेराव के विरोध में गुरुवार को छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस कार्यालय के घेराव का ऐलान किया, जिसके बाद राजधानी रायपुर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई।

घेराव कार्यक्रम में शामिल उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि देश में “अर्बन नक्सल” विचारधारा को बढ़ावा देने की कोशिश की जा रही है। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन कर कांग्रेस ने राजनीतिक मर्यादाओं का उल्लंघन किया है।

इधर, भाजपा के प्रदर्शन के जवाब में कांग्रेस नेताओं ने भी विरोध प्रदर्शन की तैयारी शुरू कर दी है। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता राजीव भवन में एकत्रित हुए हैं।

स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। कांग्रेस भवन जाने वाले मार्गों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। ट्रैफिक पुलिस ने कई मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू करते हुए लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, बीटीआई मैदान, अनुपम नगर चौक और दूरदर्शन कार्यालय मार्ग पर यातायात प्रभावित हो सकता है। वहीं खम्हारडीह, कचना और वीआईपी रोड की ओर जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आवश्यक होने पर ही प्रभावित मार्गों का उपयोग करें और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here