72 घंटे में मवेशी चोरी का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार; 3 मवेशी और पिकअप वाहन बरामद

0

एमसीबी जिले की खड़गवां पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुखबिर की सूचना पर चारों आरोपी दबोचे गए, चोरी में इस्तेमाल वाहन भी जब्त

एमसीबी/खड़गवां।

एमसीबी जिले की खड़गवां पुलिस ने मवेशी चोरी के मामले का महज 72 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई दो भैंस, एक भैंसी और वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन बरामद किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

1 अगस्त की रात हुई थी चोरी

पुलिस के अनुसार ग्राम मंगोरा निवासी जगदीश सिंह ने थाना खड़गवां में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 1 अगस्त की रात अज्ञात चोर उनके घर से एक भैंसी और दो भैंस चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

विशेष टीम गठित कर शुरू की गई जांच

पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा, पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा तथा नगर पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुजूर के निर्देशन में थाना प्रभारी सुनील तिवारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।

चोरी का माल और पिकअप वाहन बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई दो भैंस, एक भैंसी तथा घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन (क्रमांक MP-65-GA-2731) बरामद किया। पुलिस के मुताबिक वाहन क्षतिग्रस्त अवस्था में मिला।

न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी

गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने कहा कि जिले में चोरी सहित अन्य अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सुनील तिवारी सहित खड़गवां थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

संवाददाता: अशोक कुमार, एमसीबी जिला

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here