11 केवी लाइन की चपेट में आने से 2 मजदूरों की मौत, साथी को बचाने गया दूसरा श्रमिक भी झुलसा

0

बिलासपुर के निर्माणाधीन मकान में दीवार जोड़ाई के दौरान हुआ हादसा, सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल; पुलिस और बिजली विभाग जांच में जुटे

बिलासपुर। CG DASTAK 

बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब निर्माणाधीन मकान में दीवार जोड़ाई का काम चल रहा था। पहले एक मजदूर करंट की चपेट में आया, उसे बचाने दौड़ा दूसरा मजदूर भी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया।

जानकारी के अनुसार, घटना कस्तूरबा नगर रिंग रोड नंबर-2 स्थित एक निर्माणाधीन मकान की है। काम के दौरान मजदूर भूपेंद्र साहू का संपर्क मकान के ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन से हो गया। करंट लगते देख उसका साथी रवि बंजारे उसे बचाने दौड़ा, लेकिन वह भी बिजली की चपेट में आ गया। तेज करंट के कारण दोनों मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा इतना भयावह था कि एक मजदूर नीचे गिर गया, जबकि दूसरा बिजली के तार में ही फंस गया। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।

सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान भूपेंद्र साहू और रवि बंजारे के रूप में हुई है। दोनों अशोक नगर स्थित डीपीएस कॉलेज के पास के निवासी बताए जा रहे हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि निर्माण स्थल के ऊपर से 11 केवी हाईटेंशन लाइन गुजर रही थी और वहां पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। जांच पूरी होने के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here