
बालोद वन विभाग और उड़नदस्ता की संयुक्त कार्रवाई, मकान से सागौन के चिरान और गोले बरामद; लकड़ी के स्रोत और मिल की जांच शुरू

बालोद। CG DASTAK
बालोद जिले में वन विभाग ने अवैध सागौन लकड़ी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंगारी गांव की सरपंच के मकान पर छापेमारी की। संयुक्त कार्रवाई के दौरान लाखों रुपये मूल्य की सागौन लकड़ी के चिरान और गोले बरामद किए गए। मामले में सरपंच के पति अश्विनी डड़सेना के खिलाफ वन विभाग द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बालोद जिला वन विभाग और उड़नदस्ता की संयुक्त टीम ने बालोद वन परिक्षेत्र के अंगारी गांव स्थित सरपंच के मकान में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान बरामद सागौन लकड़ी को दो माजदा वाहनों में भरकर वन विभाग के काष्ठागार पहुंचाया गया। जब्त लकड़ी की सटीक मात्रा और कीमत का आकलन किया जा रहा है।
डीएफओ अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि बड़ी मात्रा में सागौन के चिरान और गोले बरामद हुए हैं। उनकी गणना के बाद ही वास्तविक कीमत स्पष्ट हो सकेगी। विभाग यह भी जांच कर रहा है कि लकड़ी कहां से लाई गई और किस आरा मिल में उसका चिरान कराया गया।
प्रारंभिक जांच में मकान में सागौन की लकड़ी से बने कुछ फर्नीचर भी मिले हैं। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि उनकी भी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मामले की विस्तृत जांच जारी है।










