7 जून से प्रदेशभर में शुरू होगा वृक्षारोपण और जल संरक्षण महाअभियान, प्रदेश साहू संघ ने किया जनभागीदारी का आह्वान

0
48

रायपुर। CG DASTAK

छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ द्वारा 7 जून से प्रदेशव्यापी वृक्षारोपण एवं जल संरक्षण महाअभियान की शुरुआत की जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू के निर्देशानुसार चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देना और समाज के प्रत्येक परिवार को प्रकृति संरक्षण से जोड़ना है।

प्रदेश संयुक्त सचिव प्रदीप साहू ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि वर्तमान समय में पूरा विश्व जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और जल संकट जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे में सामाजिक संगठनों की जिम्मेदारी केवल समाज तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए भी सक्रिय भूमिका निभाना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ हमेशा समाजहित और जनहित के कार्यों में अग्रणी रहा है। इसी सोच के साथ “एक परिवार – एक वृक्ष” का संकल्प लेकर प्रदेशभर में व्यापक वृक्षारोपण अभियान प्रारंभ किया जा रहा है। अभियान के तहत समाज की सभी जिला इकाइयों, परिक्षेत्रों, महिला एवं युवा प्रकोष्ठों सहित सभी सामाजिक संगठनों और नागरिकों से सक्रिय भागीदारी की अपील की गई है।

प्रदीप साहू ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी भी सभी को निभानी होगी। उन्होंने जल संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए वर्षा जल संचयन, जल के सदुपयोग और संरक्षण का संकल्प लेने का भी आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि समाज की शक्ति उसकी एकता और जागरूकता में निहित होती है। जब समाज किसी बड़े उद्देश्य के लिए एकजुट होता है, तब सकारात्मक परिवर्तन निश्चित होता है। इसी उद्देश्य से प्रदेश साहू संघ इस अभियान को सामाजिक जागरूकता और जनभागीदारी का महाअभियान बना रहा है।

प्रदेश साहू संघ ने सभी समाजजनों से 7 जून को कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील करते हुए पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का संदेश दिया है।

“धरती को हरियाली का उपहार दें, आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित संसार दें।”

“पेड़ भी लगाएं, पानी भी बचाएं और प्रकृति संरक्षण को जनआंदोलन बनाएं।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here