
रायपुर। CG DASTAK
रायपुर। शासकीय जे. योगानंदम छत्तीसगढ़ महाविद्यालय, रायपुर में 23 अक्टूबर 2026 को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। थैलेसीमिया एवं सिकल सेल से पीड़ित बच्चों की मदद और विद्यार्थियों में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में विद्यार्थियों और महाविद्यालय के स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में कुल 51 यूनिट रक्तदान किया गया, जबकि 146 विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों की सामान्य स्वास्थ्य जांच और आंखों की जांच की गई।

2011 से जारी है रक्तदान की परंपरा
महाविद्यालय के समाजशास्त्र एवं समाजकार्य विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर के लिए विद्यार्थियों से गूगल फॉर्म के माध्यम से आवेदन आमंत्रित किए गए थे। विभागाध्यक्ष डॉ. संजय चंद्राकर ने बताया कि महाविद्यालय में वर्ष 2011 से प्रतिवर्ष रक्तदान शिविर आयोजित किया जा रहा है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी शिविर लगाया गया।
थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों के लिए किया गया रक्तदान
काश फाउंडेशन और बिलासा ब्लड बैंक के सहयोग से आयोजित शिविर में एकत्रित रक्त थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों को उपलब्ध कराने के लिए रखा गया। शिविर में रक्तदान के साथ चिकित्सा परामर्श की व्यवस्था भी की गई। इट्सा अस्पताल, रायपुर के विशेषज्ञ डॉक्टरों और उनकी टीम ने सामान्य चिकित्सीय सेवाएं प्रदान कीं। इसके साथ ही आंखों की जांच भी की गई।

प्राचार्य डॉ. अंजलि भटनागर ने किया उद्घाटन
रक्तदान शिविर का उद्घाटन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अंजलि भटनागर ने किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के मन से रक्तदान को लेकर भय दूर करने और समाज में जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने रक्तदान को मानवता और सेवा से जुड़ा कार्य बताते हुए कहा कि इससे जरूरतमंद लोगों को जीवन बचाने में मदद मिलती है।
प्राचार्य ने बताया कि महाविद्यालय परिसर में पिछले 15 वर्षों से यह आयोजन लगातार किया जा रहा है। उन्होंने इसे अन्य संस्थाओं के लिए भी प्रेरणादायक पहल बताया, जिसमें रक्तदान के साथ स्वास्थ्य परीक्षण और आंखों की जांच जैसी सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
समाजकार्य के विद्यार्थियों में सेवा भावना विकसित करने की पहल
समाजशास्त्र एवं समाजकार्य विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. संजय चंद्राकर ने कहा कि विभाग वर्ष 2011 से रक्तदान शिविर आयोजित कर रहा है। इस तरह के आयोजन समाजकार्य के विद्यार्थियों में सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी की समझ विकसित करते हैं। उन्होंने रक्तदान को मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
विद्यार्थियों और स्टाफ ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
शिविर में डॉ. अजय मिश्रा, संजय साहू, वर्षा देवांगन, राजकुमार वर्मा सहित महाविद्यालय के अनेक स्टाफ सदस्यों और विद्यार्थियों ने रक्तदान किया। डॉ. संजय चंद्राकर, डॉ. शशांक गुप्ता सहित कई स्टाफ सदस्य वर्षों से नियमित रूप से रक्तदान कर विद्यार्थियों के सामने उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में समाजकार्य विभाग के डॉ. वेनेद्र साहू, डॉ. मनोज साहू, डॉ. विनीता सिंह पॉल, डॉ. सुरेन्द्र साहू, डॉ. अखिल यदु तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) और राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के विद्यार्थियों ने सक्रिय योगदान दिया।

शिविर के माध्यम से रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने, जरूरतमंद मरीजों की सहायता करने और युवाओं में सामाजिक सेवा की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया।
🌐 पूरी खबर के लिए विजिट करें:https://www.cgdastak.com









