
रायगढ़। CG DASTAK
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लगभग 300 किलोग्राम गांजा तस्करी के चर्चित मामले के मुख्य मास्टरमाइंड शुभम यादव को थाना साइबर और थाना लैलूंगा की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, 5 जून 2026 को “ऑपरेशन आघात” के तहत उड़ीसा से मध्यप्रदेश ले जाई जा रही करीब 300 किलो गांजा की खेप जब्त की गई थी। कार्रवाई में करीब 1.50 करोड़ रुपये मूल्य का गांजा, दो लग्जरी वाहन और अन्य सामान सहित कुल 1.86 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई थी। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में शुभम यादव के पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड होने की जानकारी मिली थी।
8 जुलाई को सूचना मिलने पर पुलिस ने रायगढ़-लैलूंगा मार्ग पर नाकेबंदी कर कुंजारा के पास आरोपी को KIA कार सहित गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से KIA कार, मोबाइल फोन, घड़ी, 3 हजार रुपये नकद, वाहन के दस्तावेज और तीन एटीएम कार्ड सहित करीब 10.17 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर गांजा तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों और आर्थिक लेन-देन की जांच कर रही है।








