रायपुर में 30 स्पा सेंटरों पर पुलिस की एक साथ जांच, 100 से ज्यादा जवानों ने खंगाले दस्तावेज और CCTV

0

रायपुर। CG DASTAK 

रायपुर। शहर में संचालित स्पा सेंटरों की गतिविधियों और नियमों के पालन की जांच के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने शनिवार को बड़े स्तर पर अभियान चलाया। पुलिस की 15 टीमों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में संचालित 30 स्पा सेंटरों की एक साथ जांच की। अभियान में राजपत्रित अधिकारियों समेत 100 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।

ग्राहकों के रजिस्टर से CCTV तक जांच

जांच अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने स्पा सेंटरों में ग्राहकों के रजिस्टर, CCTV कैमरों की उपलब्धता और रिकॉर्डिंग क्षमता की पड़ताल की।

इसके अलावा सेंटर संचालकों, मैनेजरों और कर्मचारियों के पुलिस वेरिफिकेशन से जुड़े दस्तावेज भी जांचे गए। कर्मचारियों की आयु संबंधी दस्तावेज, स्टाफ रजिस्टर और अन्य आवश्यक अभिलेखों की भी जांच की गई।

पुलिस का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि स्पा सेंटर निर्धारित नियमों और आवश्यक प्रक्रियाओं के अनुसार संचालित हो रहे हैं या नहीं।

लीज और स्वामित्व से जुड़े दस्तावेज भी जांचे

पुलिस टीमों ने स्पा सेंटरों में किसी तरह की प्रतिबंधित या संदिग्ध गतिविधि की भी जांच की। इसके साथ ही परिसर की व्यवस्था, लीज और किराए से जुड़े दस्तावेज, स्वामित्व संबंधी कागजात तथा सेंटर संचालन के लिए आवश्यक अनुमतियों की भी पड़ताल की गई।

दो स्पा सेंटरों में मिली आपत्तिजनक वस्तुएं

पुलिस के अनुसार जांच के दौरान दो स्पा सेंटरों में आपत्तिजनक वस्तुएं मिलीं। इनमें डीडी नगर थाना क्षेत्र का एलिना स्पा सेंटर और पंडरी थाना क्षेत्र स्थित अंबुजा मॉल का ला थाई स्पा सेंटर शामिल है।

पुलिस ने दोनों सेंटरों के मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई शुरू की है।

तीन जोन में चला अभियान

पुलिस कमिश्नरेट के मुताबिक अभियान तीनों जोन में पुलिस उपायुक्त वेस्ट जोन रॉबिन्सन गुरिया, सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल और नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन में चलाया गया।

जांच के लिए गठित टीमों का नेतृत्व सहायक पुलिस आयुक्त स्नेहिल साहू, नंदिनी ठाकुर और पूर्णिमा लामा ने किया।

आगे भी जारी रहेगी निगरानी

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि शहर में संचालित स्पा सेंटरों की जांच और निगरानी आगे भी जारी रहेगी। पुलिस के अनुसार यदि किसी सेंटर में नियमों का उल्लंघन या संदिग्ध गतिविधियां पाई जाती हैं तो संबंधित संचालक, मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here