
बलौदाबाजार। CG DASTAK
बलौदाबाजार। शासकीय दा. क. सिंह (डीके) कला एवं वाणिज्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एलएलबी पाठ्यक्रम की 20 सीटों पर प्रवेश रोके जाने के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की बलौदाबाजार इकाई ने प्रदर्शन किया। भारी बारिश के बावजूद छात्र और कार्यकर्ता करीब चार घंटे तक महाविद्यालय परिसर में डटे रहे।
ABVP पदाधिकारियों के अनुसार महाविद्यालय में एलएलबी की 80 सीटें स्वीकृत हैं, लेकिन इस वर्ष केवल 60 सीटों पर ही प्रवेश दिया जा रहा है। संगठन ने शेष 20 सीटों पर प्रवेश रोकने के फैसले को लेकर सवाल उठाते हुए इसे विद्यार्थियों के हितों के खिलाफ बताया।
20 सीटों पर प्रवेश रोकने से नाराज छात्र
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बिना पूर्व सूचना या स्पष्ट आदेश के 20 सीटों पर प्रवेश रोक दिया गया। ABVP का कहना है कि सीटों में कटौती से ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के कई विद्यार्थियों को विधि की पढ़ाई से वंचित होना पड़ सकता है।
इसके अलावा प्रदर्शनकारियों ने विधि विभाग के विभागाध्यक्ष पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग भी रखी।
भारी बारिश के बीच चार घंटे चला प्रदर्शन
मूसलाधार बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में छात्र और ABVP कार्यकर्ता महाविद्यालय परिसर में मौजूद रहे। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल और तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस की स्थिति बनी, जिसके बाद अधिकारियों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ।
20 सीटों पर प्रवेश शुरू कराने दिल्ली जाएगा प्रतिनिधिमंडल
ABVP के मुताबिक आंदोलन के बाद महाविद्यालय प्राचार्य ने छात्रों को उनकी मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। साथ ही एलएलबी की रोकी गई 20 सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया दोबारा शुरू कराने के लिए महाविद्यालय और छात्रों का प्रतिनिधिमंडल बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI), दिल्ली जाएगा

संगठन का कहना है कि BCI से अनुमति मिलने के बाद शेष सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा।
200 से अधिक छात्र-कार्यकर्ता हुए शामिल
प्रदर्शन में ABVP बलौदाबाजार विभाग के विभाग संयोजक उदित भारद्वाज, भाग संयोजक एस. कुमार चेलक, नगर मंत्री प्रभात चेलक, जिला संगठन मंत्री आशीष यादव और नगर सहमंत्री रुस्तम सहित संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
ABVP के अनुसार आंदोलन में 200 से अधिक छात्र-छात्राओं और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
नोट: सीटों की संख्या, प्रवेश रोकने के कारण और आगे प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने की स्थिति से संबंधित दावे ABVP द्वारा बताए गए हैं। BCI अथवा महाविद्यालय की ओर से अलग आधिकारिक आदेश/बयान उपलब्ध होने पर स्थिति और स्पष्ट होगी।









