रायपुर में सूने मकान से 3 लाख की चोरी का खुलासा, 19 वर्षीय युवक और नाबालिग गिरफ्तार

0
38

रायपुर। CG DASTAK 

राजधानी रायपुर के आजाद चौक थाना क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक 19 वर्षीय युवक और एक विधि के साथ संघर्षरत बालक (नाबालिग) शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 3 लाख रुपये मूल्य के चोरी किए गए जेवरात भी बरामद किए हैं।

छठी कार्यक्रम में गई थी महिला, लौटने पर मिली चोरी की जानकारी

पुलिस के अनुसार, हांडीपारा आजाद चौक निवासी कांति साहू ने शिकायत दर्ज कराई कि 5 जुलाई को वह अपने घर में ताला लगाकर ग्राम नकटी में आयोजित छठी कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। अगले दिन सुबह घर लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के अंदर अलमारी का लॉकर भी टूटा हुआ था और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात गायब थे।

शिकायत के आधार पर आजाद चौक थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

CCTV और तकनीकी जांच से मिले सुराग

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम) और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा आजाद चौक थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, मुखबिरों को सक्रिय किया और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया।

19 वर्षीय युवक और नाबालिग निकले आरोपी

जांच के दौरान पुलिस ने हांडीपारा निवासी मोहम्मद बिलाल (19 वर्ष) की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने एक विधि के साथ संघर्षरत बालक के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने नाबालिग को भी पकड़ लिया।

3 लाख के जेवर बरामद

दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए करीब 3 लाख रुपये मूल्य के सोने और चांदी के जेवरात बरामद कर लिए। पुलिस ने दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।

नाबालिग पर पहले से दर्ज है गंभीर मामला

पुलिस के मुताबिक, विधि के साथ संघर्षरत बालक के खिलाफ आजाद चौक थाने में पहले से हत्या के प्रयास का मामला भी दर्ज है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here