
रायपुर में महिला से गैंगरेप का आरोप, शराब पिलाकर अलग-अलग जगह ले जाने का दावा; 3 आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग से भी पूछताछ

रायपुर, छत्तीसगढ़ CG DASTAK
रायपुर। राजधानी रायपुर में एक महिला ने कुछ युवकों पर शराब पिलाने के बाद उसके साथ आपत्तिजनक व्यवहार और गैंगरेप का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक नाबालिग के भी घटना में शामिल होने की जानकारी सामने आई है, जिसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

स्कूल मैदान समेत अलग-अलग जगह ले जाने का आरोप
महिला के आरोप के मुताबिक, घटना की शुरुआत सरोना स्थित शराब भट्ठी के पास हुई। आरोप है कि कुछ युवकों ने महिला को शराब पिलाई और इसके बाद उसकी स्थिति का फायदा उठाकर उसे शहर के अलग-अलग स्थानों पर ले गए।
महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उसके साथ आपत्तिजनक व्यवहार किया और उसकी इच्छा के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म किया।
स्कूल मैदान में भी वारदात का आरोप
शिकायत के अनुसार, महिला को आरडी तिवारी स्कूल के मैदान में भी ले जाया गया। महिला ने आरोप लगाया कि सुनसान स्थान पर उसके साथ दोबारा सामूहिक दुष्कर्म किया गया। इसके बाद महिला ने पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई।
तीन आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग पर भी कार्रवाई
पुलिस ने शिकायत के आधार पर शिवा, आयुष और दुर्गा को गिरफ्तार किया है। वहीं, घटना में एक नाबालिग के शामिल होने की जानकारी सामने आने के बाद उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
आजाद चौक थाने में जीरो पर केस दर्ज
पीड़िता की शिकायत पर आजाद चौक थाने में जीरो पर मामला दर्ज किया गया। घटना डीडी नगर थाना क्षेत्र की बताई गई है, जिसके चलते प्रकरण को आगे की कार्रवाई के लिए डीडी नगर थाना पुलिस को ट्रांसफर किया गया है।
पुलिस जांच के बाद स्थिति होगी स्पष्ट
पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। पुलिस द्वारा घटनास्थल, मेडिकल रिपोर्ट, पीड़िता के बयान और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की पुलिस स्तर पर जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद मामले की वास्तविक स्थिति और आरोपों की पुष्टि स्पष्ट होगी।










