रायपुर में महिला की हत्या का खुलासा, POCSO मामले में सजा काट चुका था संदिग्ध; दुष्कर्म की कोशिश के बाद हत्या का आरोप

0

रायपुर। CG DASTAK 

राजधानी रायपुर के न्यू स्वागत विहार कॉलोनी के पास 23 जुलाई को पानी भरी जमीन में मिली 35 वर्षीय महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में हत्या के पीछे महिला से जबरदस्ती की कोशिश का मामला सामने आया है। पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि संदिग्ध पहले POCSO के एक मामले में सजा काट चुका है।

घर लौटते समय महिला को बनाया निशाना

जानकारी के अनुसार महिला बोरियाकला इलाके की रहने वाली थी। उसकी दो बेटियां और एक बेटा है। वह आसपास की सोसायटी में खाना बनाने का काम करती थी। 23 जुलाई की सुबह करीब 8 बजे वह काम के लिए घर से निकली थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी।

इसी दौरान एक परिवार ने पानी भरी जमीन में महिला का शव देखा और पुलिस को सूचना दी। महिला के मुंह से झाग निकल रहा था और कपड़े अस्त-व्यस्त थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने और दुष्कर्म की कोशिश की पुष्टि हुई।

सड़क पर पीछा कर सुनसान जगह ले गया

पुलिस के अनुसार संदिग्ध दोपहर में महिला के इंतजार में सड़क पर बैठा था। महिला को अकेला देखकर उसने उसका पीछा किया। सुनसान जगह मिलने पर आरोपी ने महिला को पकड़ लिया।

महिला ने विरोध करते हुए मदद के लिए चिल्लाने की कोशिश की तो आरोपी ने उसका मुंह दबा दिया और उसे घसीटते हुए झाड़ियों के पीछे ले गया। वहां गला दबाकर उसकी हत्या करने का आरोप है। इसके बाद शव को पानी भरी जमीन में फेंककर आरोपी फरार हो गया।

पहले भी POCSO मामले में जा चुका है जेल

पुलिस जांच में सामने आया है कि संदिग्ध पहले भी महिलाओं से छेड़छाड़ और नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में कार्रवाई का सामना कर चुका है। एक नाबालिग से जुड़े POCSO मामले में उसे 10 साल की सजा हुई थी और वह बाल गृह में रहा था। सजा पूरी होने के बाद वह दोबारा ऐसी घटनाओं में शामिल होने लगा था।

पुलिस के मुताबिक संदिग्ध ने घटना से कुछ दिन पहले बोरियाकला क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग से भी जबरदस्ती की कोशिश की थी। इस मामले में शिकायत के बावजूद शुरुआत में इसे गंभीरता से नहीं लिया गया और मारपीट की सामान्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।

मोबाइल इस्तेमाल नहीं करता था, जांच में आई दिक्कत

पुलिस के सामने आरोपी तक पहुंचने में सबसे बड़ी चुनौती यह रही कि वह मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करता था। घटना स्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगे थे। घटना के समय बारिश होने के कारण सड़क सुनसान थी।

फिलहाल पुलिस संदिग्ध से पूछताछ कर रही है और हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

CG Dastak | हर खबर, सीधा सच!

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here