
रायपुर। दिवाली के बीच राजधानी रायपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। टाटीबंध क्षेत्र में खड़ी एक थार कार से युवक का शव बरामद हुआ है। शव दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। शव मिलने की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, थार वाहन क्रमांक CG 04 PX 6888 का करीब 15 दिन पहले भिलाई-3 के पास एक्सीडेंट हुआ था। हादसे के बाद गाड़ी को खींचकर रायपुर के टाटीबंध स्थित महिंद्रा शो-रूम के सामने खड़ा कर दिया गया था।
गाड़ी की खिड़की लॉक नहीं थी, जिसके कारण किसी ने अंदर झांककर देखा तो एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा मिला। शव सड़-गलने की स्थिति में है और प्राथमिक जांच में यह दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही टाटीबंध पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम हेतु मेकाहारा अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस का कहना है कि सभी संभावित एंगल्स पर जांच की जा रही है —
क्या यह हत्या का मामला है या हादसे के बाद का परिणाम, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा।
पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज खंगालने और गाड़ी से संबंधित पुराने मालिक व रिकॉर्ड की जानकारी जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।










