
रायपुर। CG DASTAK
राजधानी रायपुर में गर्लफ्रेंड को रोकने की कोशिश एक युवक की जान पर भारी पड़ गई। विवाद के दौरान कार के बोनट पर चढ़े युवक को रोकने के बजाय उसके दोस्त ने कथित तौर पर कार आगे बढ़ा दी। कार करीब 200 मीटर तक चलती रही, जिसके बाद युवक सड़क पर गिर गया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान टाटीबंध स्थित उद्या सोसायटी निवासी कारोबारी परमप्रीत सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
गर्लफ्रेंड को रोकने के दौरान हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार दोपहर महोबा बाजार निवासी ठेकेदार परमप्रीत सिंह का अपनी मंगेतर से एम्स के पास कार में विवाद हुआ था। बताया गया कि दोनों परिवारों ने उनकी शादी तय कर दी थी और दोनों पिछले करीब 3-4 साल से एक-दूसरे के संपर्क में थे।
युवती अपनी मां को लेने राजिम जाने वाली थी। परमप्रीत उसे खुद ले जाना चाहता था, लेकिन युवती अपने दोस्त भरत मंगनानी के साथ दुर्ग से रायपुर पहुंच गई। एम्स के पास परमप्रीत ने युवती को उसके दोस्त के साथ देखा, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया।
विवाद के बाद कार के बोनट पर चढ़ा युवक
विवाद के दौरान परमप्रीत ने भरत और युवती से बहस की। इसके बाद भरत ने कार से परमप्रीत की कार को टक्कर मार दी। कार रुकने के बाद परमप्रीत उसके बोनट पर चढ़ गया और युवती से नीचे उतरने के लिए कहा।

बताया जा रहा है कि इसके बाद भरत ने कार आगे बढ़ा दी। कार करीब 200 मीटर तक चलती रही, जिसके बाद परमप्रीत सड़क पर गिर गया। गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट आई।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल परमप्रीत को अस्पताल ले जाया गया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी भरत मंगनानी घटना के बाद से फरार है। उसकी तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में CCTV फुटेज और घटनाक्रम से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
यह मामला रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र का है।









