
रायपुर। CG DASTAK
राजधानी रायपुर में अवैध प्लॉटिंग और अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम का अभियान लगातार जारी है। टीम प्रहरी अभियान के तहत नगर निगम ने टिकरापारा और डुंडा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जे हटाए, अवैध प्लॉटिंग पर जेसीबी चलाकर सड़क काट दी और निर्माण की नींव ध्वस्त कर दी। साथ ही सड़क पर सामान रखकर यातायात बाधित करने वाले 13 दुकानदारों पर 12 हजार रुपये का ई-चालान भी किया गया।

टिकरापारा में हटाए अवैध कब्जे
नगर निगम, नगर निवेश विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने टिकरापारा स्थित पुजारी पार्क के पास मुख्य सड़क से करीब छह ठेलों को हटाकर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया। दुकानदारों को दोबारा सड़क पर सामान रखने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
डुंडा में 5 एकड़ की अवैध प्लॉटिंग पर कार्रवाई
जोन-10 की टीम ने डुंडा स्थित ममता विहार के पास करीब 5 एकड़ निजी भूमि पर हो रही अवैध प्लॉटिंग पर कार्रवाई करते हुए जेसीबी से बनाई गई मुरम सड़क काट दी और निर्माण के लिए डाली गई नींव भी तोड़ दी, ताकि अवैध प्लॉटिंग पर तत्काल रोक लगाई जा सके।
भूमि मालिक की जानकारी मांगी, होगी FIR
नगर निगम ने बताया कि अवैध प्लॉटिंग करने वालों की पहचान के लिए रायपुर तहसीलदार से संबंधित भूमि के वास्तविक स्वामी की जानकारी मांगी गई है। जानकारी मिलने के बाद संबंधित प्लॉटिंगकर्ताओं के खिलाफ नियमानुसार नामजद एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अभियान रहेगा जारी
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध प्लॉटिंग, अतिक्रमण और बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण कार्यों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जनशिकायतों के आधार पर भी त्वरित कार्रवाई की जाएगी।











