रसोइया निकला करोड़ों की चोरी का मास्टरमाइंड! रायपुर में 51.50 लाख नकद और जेवर लेकर फरार, पुलिस ने आरोपी को दबोचा

0

रायपुर। CG DASTAK 

घर की पूरी जानकारी का उठाया फायदा, परिवार के बाहर जाते ही वारदात को दिया अंजाम। पंडरी पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया।

रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज चोरी का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, एक रसोइए ने अपने मालिक के घर से 51.50 लाख रुपये नकद, सोने के जेवर और चांदी के सिक्कों पर हाथ साफ कर दिया। मामले में पंडरी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, मोवा निवासी कोयला कारोबारी पंकज अग्रवाल ने महेंद्र कुमार यादव को 14 जुलाई से अपने घर में रसोइए के रूप में रखा था। महेंद्र पहले भी कुछ दिनों तक उनके यहां काम कर चुका था, इसलिए उसे घर की दिनचर्या और परिवार की गतिविधियों की पूरी जानकारी थी।

रविवार दोपहर करीब 2 बजे कारोबारी अपने परिवार के साथ निजी काम से नया रायपुर गए थे। उस समय घर में केवल रसोइया मौजूद था। शाम करीब 7 बजे परिवार लौटा तो मुख्य दरवाजा बंद मिला, जबकि पीछे का गेट और बेडरूम का दरवाजा खुला था।

अंदर जाकर देखा तो अलमारी के दोनों दरवाजे खुले थे। पुलिस के अनुसार, 51.50 लाख रुपये नकद गायब थे। इसके अलावा सोने के कंगन, गले का सेट, कान के आभूषण, अंगूठियां, झुमके, टॉप्स, ब्रेसलेट और करीब 20 चांदी के सिक्के भी चोरी हो चुके थे।

पुलिस का कहना है कि आरोपी चोरी के बाद सामान बैग में भरकर फरार हो गया था और उसने अपना मोबाइल भी बंद कर दिया था। घटना के बाद फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए गए तथा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल रिकॉर्ड, पुराने रिकॉर्ड और उसके बिहार स्थित पते सहित अन्य जानकारियों के आधार पर तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस मामले में आरोपी से पूछताछ कर चोरी गए नकदी और जेवर की बरामदगी के प्रयास कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here