
कोंडागांव। CG DASTAK
कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में रविवार दोपहर मंत्री केदार कश्यप के काफिले के साथ सड़क हादसा हो गया। जुनवानी के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पहले मंत्री की कार को टक्कर मारी। इसके बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर काफिले के फॉलो वाहन से जा भिड़ी। हादसे में 6 लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक महिला और 4 पुलिस जवान शामिल हैं। घायलों में 4 को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
जुनवानी के पास हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, मंत्री केदार कश्यप अपने गृह ग्रा
म फरसागुड़ा से कोंडागांव की ओर आ रहे थे। इसी दौरान कोंडागांव से जगदलपुर की ओर जा रही एक स्कॉर्पियो अचानक मंत्री के काफिले में घुस गई और मंत्री की कार को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर काफिले के फॉलो वाहन से जा भिड़ी। हादसे के वक्त मंत्री भी अपनी कार में मौजूद थे। शुरुआती जानकारी के अनुसार मंत्री केदार कश्यप सुरक्षित हैं और उन्हें गंभीर चोट नहीं आई है।
6 लोग घायल, 4 को रायपुर रेफर
हादसे में मंत्री के PA अनुराग शर्मा, ड्राइवर सुनील कुमार मौर्य, प्रधान आरक्षक राजेश नेताम, आरक्षक सुगंतिन उईके, आरक्षक त्रिलोतमा मड़कर और आरक्षक नर्मदा मरकाम घायल हुए हैं।

घायलों को तत्काल कोंडागांव जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल चार लोगों को रायपुर रेफर किया।
फॉलो वाहन को भी भारी नुकसान
टक्कर इतनी जोरदार थी कि काफिले का फॉलो वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद वाहनों में खून के निशान भी मिले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात बहाल कराया गया।
हादसे की जांच में जुटी पुलिस
घटना जुनवानी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार को हादसे की वजह बताया जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

CG Dastak | हर खबर, सीधा सच!









