
नई दिल्ली/बस्तर। CG DASTAK
भारत निर्माण कॉन्क्लेव-2026 में मां मातंगी दिव्य धाम के पीठाधीश्वर डॉ. प्रेमा साई जी महाराज को आध्यात्मिक नेतृत्व, समाज सेवा और राष्ट्रहित में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया गया। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने उन्हें सम्मानित करते हुए उनके सामाजिक एवं सांस्कृतिक योगदान की सराहना की।
जानकारी के अनुसार, डॉ. प्रेमा साई जी महाराज ने बस्तर के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सेवा, संस्कार और सनातन जागरण को लेकर व्यापक कार्य किए हैं। बस्तर, सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर के वनांचल क्षेत्रों में धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से जनजातीय समाज के बीच सांस्कृतिक जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया है।
घर वापसी अभियान की सराहना
संस्था के अनुसार, उनके मार्गदर्शन में संचालित घर वापसी अभियान के माध्यम से अब तक 1,025 से अधिक परिवार अपनी पारंपरिक सांस्कृतिक और धार्मिक जड़ों से पुनः जुड़े हैं। वहीं, मां मातंगी दिव्य धाम में आयोजित दिव्य दरबारों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आध्यात्मिक मार्गदर्शन एवं अपनी समस्याओं के समाधान के लिए पहुंचते हैं।
इसके साथ ही बीजापुर में आयोजित हिंदू जागाओ शोभायात्राओं में भी बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी रही। संस्था का दावा है कि इन आयोजनों के माध्यम से सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश दिया गया। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात आईटीबीपी जवानों का सम्मान और उत्साहवर्धन भी किया गया।
प्राचीन मंदिरों के पुनर्निर्माण में सहयोग
मां मातंगी दिव्य धाम की ओर से वनांचल के जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता, आवश्यक सामग्री और सामाजिक सहयोग उपलब्ध कराने का कार्य भी किया जा रहा है। संस्था ने नारायणपुर के एक प्राचीन मंदिर के पुनर्निर्माण में सहयोग सहित विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों के संचालन का दावा किया है।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. प्रेमा साई जी महाराज ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल, केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह, केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रतापराव जाधव, केंद्रीय राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी, सांसद मनोज तिवारी, राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन सहित कई गणमान्य व्यक्तियों से मुलाकात की।










