भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सड़क हादसे में घायल, बागेश्वर धाम से लौटते समय झांसी-ललितपुर हाईवे पर हुआ एक्सीडेंट

0

रायपुर/ललितपुर। CG DASTAK 

सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में दुर्घटनाग्रस्त हुई कार, झांसी मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी; हालत स्थिर, चालक भी घायल।

खबर:

रायपुर/ललितपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर विधायक किरण देव बुधवार को उत्तर प्रदेश में सड़क हादसे का शिकार हो गए। यह दुर्घटना झांसी-ललितपुर हाईवे पर उस समय हुई, जब वे परिवार के साथ बागेश्वर धाम से दर्शन कर लौट रहे थे। हादसे में किरण देव को कमर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। उन्हें तत्काल झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।

जानकारी के मुताबिक, गुरु पूर्णिमा के अवसर पर किरण देव अपने परिवार के साथ बागेश्वर धाम गए थे। वापसी के दौरान झांसी-ललितपुर मार्ग पर सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने की कोशिश में चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे कार का संतुलन बिगड़ गया और वह दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

हादसे के समय किरण देव के साथ उनकी सुरक्षा में तैनात पीएसओ भी वाहन में मौजूद थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य दूसरी कार में सफर कर रहे थे। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें पहले प्राथमिक उपचार के लिए ले जाया गया, फिर झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

सूत्रों के अनुसार, हादसे में कार चालक भी घायल हुआ है। डॉक्टर लगातार किरण देव की निगरानी कर रहे हैं और उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। हालात अनुकूल रहने पर उन्हें हेलीकॉप्टर के जरिए रायपुर लाने की तैयारी भी की जा रही है।

फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। वहीं, इस घटना को लेकर समाचार लिखे जाने तक प्रशासन या भारतीय जनता पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here